बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई ने कक्षाओं का बहिष्कार कर संपूर्ण शिक्षा बंद कर अपनी आवाज को बुलंद किया। वहीं, विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज कैंपस में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पूरे प्रदेश भर में कक्षाओं का बहिष्कार करके सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश विश्वविद्यालय में इक्डोल की फीस वृद्धि को वापस लेने, केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर का तुरंत निर्माण करने, छात्र संघ चुनाव बहाल करने, सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग पर प्रतिबंध लगाकर नियमित भर्तियां करने, सड़कों की खस्ता हालत के कारण दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि को रोकने सहित कई अन्य मांगों को लेकर बिलासपुर कॉलेज का गेट बंद कर खूब हल्ला बोला। प्रदेश स्तर की इन सभी मांगों के साथ कॉलेज की स्थानीय मांगों को भी विद्यार्थी परिषद ने जोरशोर से किया। विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष प्रशांत ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कॉलेज में डेढ़ हजार से अधिक छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती हैं। उनके लिए इस कॉलेज में एक ही शौचालय की व्यवस्था है।
प्रशांत ने कहा कि विद्यार्थी परिषद कॉलेज प्राचार्य के सामने इस बात को पिछले 3 महीनों से उठा रही थी कि लाइब्रेरी के साथ बंद पड़े शौचालय को छात्राओं के लिए खोला जाए। लेकिन प्राचार्य ने इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। जब विद्यार्थी परिषद ने शौचालय को न खोलने के कारण के बारे में प्राचार्य से पूछा तो उनका जवाब था की शौचालय को स्टोर रूम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर कॉलेज की कैंटीन पूरे प्रदेश भर के कॉलेजों में से एकमात्र ऐसी कैंटीन है, जहां पर बाहरी दुकानों के अनुरूप खाद्य पदार्थों के मूल्य हैं। विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि पानी की टंकियों की नियमित सफाई होनी चाहिए और एक्वागार्ड भी लगने चाहिए।
विद्यार्थी परिषद ने कड़े शब्दों में चेताया कि अगर कॉलेज की मूलभूत सुविधाओं को समय रहते पूरा पुरा न किया गया तो विद्यार्थी परिषद आने वाले समय में आंदोलन का रूप लेने में पीछे नहीं हटेगी। इसमें मुख्य रूप से इकाई अध्यक्ष प्रशांत ठाकुर, रोहित चौधरी, राहुल ठाकुर, प्रणव वासु, कंचन शर्मा, नेहा, मुस्कान, मंजीत, सौरव, जैस्मिन, शालिनी, अनमोल, मधु, साक्षी, ज्योति आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।