बिलासपुर कॉलेज में धरना प्रदर्शन करते एबीवीपी के कार्यकर्ता। संवाद
कार्यकर्ता बोले, शिक्षण संस्थानों को बनाया जा रहा राजनीति का अड्डा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से बिलासपुर कॉलेज में गेट के बाहर धरना प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने सरकार के निर्णयों के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा के स्तर को सुधारने की मांग उठाई।
इकाई अध्यक्ष व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आयुष भारद्वाज ने बताया कि प्रदेश सरकार ने छात्रों को नौकरियों की जगह आश्वासन देने का ही कार्य किया है। वह आश्वासन भी झूठ ही निकल रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने युवाओं के साथ मजाक किया है। कभी अतिथि शिक्षक तो कभी ट्रेनी शिक्षक पॉलिसी लाई जा रही है। प्रदेश सरकार राष्ट्रीय शिक्षा योजना 2020 को हिमाचल प्रदेश में लागू करने में पूर्ण रूप से विफल रही है। आयुष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के शिक्षण संस्थानों को राजनीति का अड्डा बनाने का कार्य प्रदेश सरकार कर रही है। प्रदेश में शिक्षण संस्थानों को बंद करने में भी इस प्रदेश सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। इन मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद कड़ी निंदा करती है। एबीवीपी ने प्रदेश सरकार की निंदा करते हुए इन सभी विषयों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।