बम्म पंचायत में लगा आधार अपडेट शिविर, ग्रामीणों ने उठाया लाभ
-नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर समेत अन्य विवरणों में करवाया सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी/बम्म (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत बम्म की ओर से ग्रामीणों की सुविधा के लिए पंचायत भवन में एक दिवसीय आधार अपडेट एवं पंजीकरण शिविर लगाया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर समेत अन्य आवश्यक विवरणों में सुधार और अपडेट करवाने की सुविधा मिली। इसके अलावा नए आधार पंजीकरण से संबंधित कार्य भी किए गए। आधार से जुड़े कार्यों को लेकर ग्रामीणों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। ग्राम पंचायत प्रधान राकेश कुमार और उपप्रधान मनीष शर्मा ने शिविर का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड आज प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं, पेंशन, छात्रवृत्ति और विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने के लिए आधार में दर्ज जानकारी का सही और अपडेट होना जरूरी है। पंचायत स्तर पर सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए पंचायत स्तर पर समय-समय पर इस तरह के शिविर आयोजित करवाने के प्रयास किए जाएंगे। बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंचायत की प्राथमिकता है। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने पंचायत भवन में आधार संबंधी सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से समय और धन दोनों की बचत होती है और गांव के नजदीक ही जरूरी सुविधा मिल जाती है। पंचायत की ओर से लोगों से अपील की गई कि आधार में दर्ज जानकारी गलत होने या लंबे समय से अपडेट न होने पर समय रहते आवश्यक संशोधन करवाएं।