श्री नयना देवी जी में दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
33 हजार श्रद्धालुओं ने किए मां के दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी मंदिर में रविवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवकाश होने के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया और देर शाम तक करीब 33 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शक्तिपीठ पहुंचे।
मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे ही दर्शनार्थ खोल दिए गए थे, लेकिन तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दोपहर आरती के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ सेक्टर-दो तक पहुंच गई। मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने व्यवस्थाएं संभाले रखीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मंदिर परिसर के बाहर होमगार्ड जवानों ने भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली, जबकि मंदिर के भीतर पूर्व सैनिकों और सुरक्षा कर्मियों ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजाब की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने भी सेवा कार्य किए। मंदिर मुख्य द्वार पर बस्सी पठाना की संस्था द्वारा जल सेवा लगाई गई, जबकि निकासी द्वार पर रोपड़ की संस्था ने श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध करवाया। भीषण गर्मी के बीच यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए राहत का कारण बनी। वहीं मंदिर में लंगर का आयोजन भी किया गया।
मंदिर न्यास अधिकारी चतर सिंह रनौत ने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पेयजल, सफाई और दर्शन व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा मंदिर प्रशासन की प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।