इंदिरा गांधी की जयंती पर 21 नवंबर तक चलेगी 43वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। हिमालयन यूथ स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब शिलाई की ओर से इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर 19 से 21 नवंबर तक 43वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। तीन दिवसीय आयोजन में कबड्डी लीग मुख्य आकर्षण रहेगी, जिसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी। खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
कबड्डी लीग में चुड़ेश्वर लेजेंड्स एंड सोशल ऑर्गेनाइजेशन क्रांदिस, लाधी योद्धा, राजगढ़ टाइगर्स, मां रेणुका जी टाइटंस, शिलाई लायंस, एचके स्पार्टन्स पाब, महासू वारियर्स पश्मी बागर और कफोटा वारियर्स की टीमें भाग लेंगी। क्लब महासचिव ने बताया कि खेल है पहचान, शिलाई है अभिमान के नारे के साथ आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।
सिरमौर के कबड्डी खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पंजीकरण करवाने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर सिरमौर कबड्डी लीग और हिमाचल कबड्डी लीग के लिए प्रतिभाओं को परखा जाएगा। सभी टीमों के कोच मौजूद रहेंगे और खिलाड़ियों की बोली की प्रक्रिया भी इसी प्रतियोगिता से शुरू होगी।