सड़क के ऊपर से गिरते हैं लगातार गिरती है मिट्टी और पत्थर
भल्लू बस हादसे के बाद ब्लैक स्पॉट को लेकर गहराने लगी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। बरठीं के भल्लू पुल के पास हुई सड़क दुर्घटना के बाद अब क्षेत्र के लोगों में सड़कों पर बने ब्लैक स्पॉट को लेकर चिंता गहराने लगी है। नगर परिषद घुमारवीं के तहत सीर खड्ड के समीप घुमारवीं-बरठीं सड़क का एक हिस्सा इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बन गया है। यहां सड़क के साथ ऊंची खड़ी पहाड़ी पर बड़ी संख्या में सफेदे के पेड़ मौजूद हैं। इन पेड़ों के नीचे की मिट्टी और पत्थर लगातार नीचे गिरते रहते हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहाड़ी लंबे समय से ढलान छोड़ रही है और समय-समय पर यहां से मिट्टी व छोटे-बड़े पत्थर सड़क पर गिरते रहे हैं। पिछले माह भी इस स्थान पर पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था और वाहन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। इसके बावजूद आज तक इस स्थान पर कोई भी स्थायी सुधारात्मक कार्य नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में खड़े सफेदे के पेड़ अब बिल्कुल किनारे पर आ गए हैं, जिनकी जड़ें मिट्टी के खिसकने से कमजोर पड़ चुकी हैं। ये पेड़ कभी भी गिर सकते हैं और गुजरने वाले किसी भी वाहन या व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इस खतरनाक ब्लैक स्पॉट को सुरक्षित बनाया जाए। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में यहां किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय जनता ने संबंधित विभाग से शीघ्र स्थायी समाधान करने की अपील की है, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कोट
मामला ध्यान में है, लेकिन पहाड़ी के ऊपर पेड़ों को लेकर दिक्कत आ रही हैं जल्द ही पेड़ों को काटने की परमिशन ली जाएगी, ताकि इस स्पॉट को और ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सके।
अनुज पराशर, सहायक अभियंता,पीडब्ल्यूडी, घुमारवीं