दधोल कलां में पांच-छह बैलों के झुंड ने किया हमला, ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित निकाला
डंगार में बैल के हमले से बुजुर्ग महिला की मौत के बाद भी नहीं सुधरे हालात, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। दधोल कलां में लावारिस बैलों के झुंड ने घर लौट रहे एक राहगीर पर हमला कर दिया। बैलों से जान बचाने के लिए व्यक्ति को पपलर के पेड़ पर चढ़ना पड़ा। करीब दो घंटे तक बैल पेड़ के नीचे मंडराते रहे और व्यक्ति जान बचाने के लिए पेड़ पर ही फंसा रहा। आखिरकार ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बैलों को भगाया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर सका। गनीमत रही कि इस घटना में उसे कोई चोट नहीं आई। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत और प्रशासन के प्रति रोष बढ़ रहा है।
जानकारी के अनुसार दधोल कलां निवासी मदन लाल दिहाड़ी मजदूरी करता है। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह रोजाना की तरह काम से घर लौट रहा था। गांव के समीप पुली पार करते ही अचानक पांच से छह लावारिस बैलों का झुंड उसके सामने आ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बैलों ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराए मदन लाल ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन बैल उसके पीछे दौड़ पड़े। ऐसे में उसे पास ही मौजूद पपलर के पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचानी पड़ी।
पेड़ पर चढ़ने के बाद भी मदन लाल की मुश्किलें कम नहीं हुईं। बैलों का झुंड पेड़ के नीचे ही मंडराता रहा। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब बैल वहां से नहीं हटे तो उसने फोन कर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बैलों को वहां से भगाया गया। इसके बाद मदन लाल सुरक्षित नीचे उतरकर घर पहुंचा।
ग्रामीणों ने कहा कि डंगार में लावारिस बैल के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत की घटना के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लगातार सामने आ रही घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लावारिस बैलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को हर समय किसी अनहोनी के डर में न जीना पड़े।
लावारिस बैलों की बढ़ती संख्या से घर से निकलना हुआ मुश्किल
स्थानीय पंचायत प्रधान पुरुषोत्तम, उपप्रधान पवन गौतम, राजेश शर्मा, राकेश, संजीव और शुभम ने कहा कि क्षेत्र में लावारिस बैलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब ये बैल राहगीरों पर भी हमले करने लगे हैं। इससे लोगों का घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। सबसे अधिक चिंता स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर है, जिन्हें रोजाना स्कूल आने-जाने के लिए इन्हीं रास्तों से गुजरना पड़ता है। वहीं, बुजुर्गों के लिए भी अकेले रास्तों पर चलना मुश्किल होता जा रहा है।