तीन लाख की लागत से बनेगा पार्क, निर्माण कार्य शुरू
-युवक मंडल कवाली टटोह ने प्रधान से की थी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा की पंचायत धार-टटोह के टटोह गांव में तीन लाख की लागत से बच्चों के लिए पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो गया। युवक मंडल कवाली टटोह के प्रधान अभिषेक ठाकुर ने कुछ माह पहले ग्राम पंचायत के प्रधान सुंदर राम से इस पार्क के निर्माण की मांग रखी थी। उनकी इस मांग को प्राथमिकता देते हुए प्रधान ने इस पार्क के निर्माण कार्य को शुरू कराया है।
इस पार्क को बनाने का सबसे बड़ा उद्देश्य बच्चों को गलत आदतों की तरफ जाने से रोकना है। युवक मंडल प्रधान अभिषेक ठाकुर ने कहा कि नशा माफिया आजकल गांव में भी बड़े स्तर पर पैर फैला चुका है। चौक चौराहों, दुकानों पर यह लोग शाम को जमावड़ा लगाकर बैठते हैं। जहां पर भांग, चरस से लेकर कई प्रकार के नशे होते हैं। बच्चे शाम को घर से बाहर निकलते हैं तो दुकानों और चौक चौराहों का रुख करते हैं। जहां पर यह गलत लोगों के संपर्क में आते हैं। वहीं आजकल बच्चे जो घरों के अंदर ही रहते हैं वह मोबाइल के आदी हो चुके हैं, जो उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए नुकसानदेह है। ऐसे में जरूरी है कि हर गांव में बच्चों के खेलने के लिए एक पार्क का निर्माण हो। ताकि बच्चे घरों में बंद होने और गलत जगह जाने से बचें और पार्क में समय अपने दोस्तों के साथ व्यतीत करें। इससे इनका शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास भी होगा और यह गलत आदतों से दूर रहेंगे। बताते चलें कि टटोह गांव में 100 मीटर के दायरे में इस पार्क का निर्माण होगा। इस पार्क में फाइबर स्लाइड, झूले, लोहे के स्लाइड, बैंच और कई चीजें लगाई जाएंगी, ताकि वहां पर बच्चे आराम से खेल सकें और उनका मनोरंजन भी हो। इस पार्क के निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए युवक मंडल ने पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया है।