फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: कुड़साये गांव में भीषण अग्निकांड, तीन परिवारों के स्लेटपोश मकान राख

विज्ञापन
ग्राम पंचायत बरोटा कुड़साये के गांव में मकान में लगी आग। स्रोत: जागरूक पाठक
विज्ञापन
शनिवार तड़के तीन बजे भड़की आग से पांच लाख का नुकसान,दमकल व ग्रामीणों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
विज्ञापन

हादसे के समय घर में कोई नहीं था

संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण अग्निकांड में तीन परिवारों के दो मंजिला स्लेटपोश मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गए। इस घटना में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। गनीमत रही कि हादसे के समय मकानों में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे किसी भी जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
यह घटना बरोटा पंचायत के कुड़साये गांव में शनिवार तड़के लगभग तीन बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कुड़साये निवासी अमरनाथ और उनके सगे भाई सोहन लाल का एक संयुक्त दो मंजिला स्लेटपोश मकान था। इसी भवन से परिवार के सदस्य दीनानाथ का मकान भी जुड़ा हुआ था। अचानक आग लगने से देखते ही देखते तीनों मकानों ने विकराल रूप ले लिया। लकड़ी और स्लेट से बने होने के कारण आग तेजी से फैली और कुछ ही देर में पूरा भवन धू-धू कर जलने लगा। पीड़ित अमरनाथ ने बताया कि उनके भाई सोहन लाल अपने परिवार सहित जालंधर में रहते हैं, जबकि वह स्वयं कुछ दूरी पर बने दूसरे मकान में रह रहे थे। जिस मकान में आग लगी, उसमें रात के समय कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सुबह करीब चार बजे पड़ोसियों ने फोन कर आग लगने की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो पूरा मकान आग की लपटों से घिरा हुआ था और भीतर रखा सामान बचाने का कोई अवसर नहीं मिल सका।
विज्ञापन

आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि उस पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम वाहन सहित मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। तब तक तीनों परिवारों के मकान पूरी तरह जल चुके थे। इस अग्निकांड में मकानों के भीतर रखा सारा घरेलू सामान, फर्नीचर, बिस्तर, अनाज, बिजली के उपकरण, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस घटना में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
विज्ञापन

भराड़ी पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर भराड़ी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि कुड़साये गांव में आग लगने की घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगना प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर गांवों में बिजली के तारों की सुरक्षा और आग से बचाव के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्राम पंचायत बरोटा कुड़साये के गांव में मकान में लगी आग। स्रोत: जागरूक पाठक

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें