बिलासपुर के डियारा सेक्टर में दंगल के अखाड़ा तैयार करते कामगार। संवाद
पीर लखदाता अखाड़ा कमेटी के बैनर तले आयोजन
विजेता को दिया जाएंगे 31 हजार रुपय नकद और गुर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के डियारा सेक्टर में चार मई को होने वाले दंगल को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। यह आयोजन पीर लखदाता अखाड़ा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के प्रधान हुसैन अली ने बताया कि तीन मई को सवाल कार्यक्रम होगा, जबकि चार मई को दोपहर एक बजे से दंगल के मुकाबले होंगे।
हुसैन अली ने बताया कि इस दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के नामी गिरामी पहलवान शिरकत करेंगे, जो अपनी कुश्ती कला से अखाड़े की शोभा बढ़ाएंगे। दंगल में मुख्य माली के रूप में विजेता पहलवान को 31 हजार रुपये की नकद राशि और पारंपरिक गुर्ज प्रदान किया जाएगा, जबकि उपविजेता को 21 हजार रुपये इनाम स्वरूप मिलेंगे। बाल केसरी वर्ग में विजेता को साइकिल और 3100 रुपये तथा उपविजेता को 2100 रुपये का इनाम दिया जाएगा। सभी पहलवानों को अखाड़े की निर्धारित नियमावली के अनुसार ही दंगल में भाग लेना अनिवार्य होगा। कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी व सेवानिवृत्त प्रिंसिपल एसआर आजाद ने बताया कि यह दंगल जलमग्न शहर बिलासपुर की पुरानी परंपरा से जुड़ा है और यह कभी राजाओं के पसंदीदा खेलों में गिना जाता था। उन्होंने बताया कि पुराने शहर में तकिए की छिंज, ठेड़ू की छिंज और बेड़ीघाट की छिंज काफी प्रसिद्ध थीं। लेकिन नया शहर के बसने के बाद यह परंपरा लगभग समाप्त हो गई थी। वर्ष 2006 में नगर के बुजुर्गों ने इस परंपरा को पुनर्जीवित किया, जो अब तक लगातार जारी है। कहा कि यह दंगल पुराने शहर की प्रसिद्ध तकिए की छिंज की परंपरा को आगे बढ़ाता है। इस बार भी आयोजन में सवाल कार्यक्रम के साथ-साथ भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।