19 और 20 सितंबर को कुठेड़ा में होगा दो दिवसीय मेला
खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत कुठेड़ा के तत्वावधान में बड्डू देव भेल मेला कुठेड़ा-2026 का आयोजन 19 और 20 सितंबर को किया जाएगा। दो दिवसीय मेले में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हिमाचली और पंजाबी गायकों की स्टार नाइट मुख्य आकर्षण रहेगी। पंचायत और मेला समिति ने आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ग्राम पंचायत कुठेड़ा के प्रधान रमेश कुमार ने बताया कि मेले का शुभारंभ 19 सितंबर को सुबह 10:30 बजे बड्डू देव मंदिर से मेला मैदान तक शोभायात्रा के साथ होगा। बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक महिला मंडलों की खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। शाम 5:30 से 7:30 बजे तक बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां होंगी। रात 7:30 से 10 बजे तक हिमाचली गायकों की स्टार नाइट आयोजित की जाएगी। मेले के दूसरे दिन 20 सितंबर को सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक महिला मंडलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। दोपहर दो से तीन बजे तक खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ समापन समारोह और पुरस्कार वितरण होगा। शाम 5:30 से रात आठ बजे तक पहाड़ी लोक गायकों और बच्चों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद रात आठ से 10 बजे तक हिमाचली और पंजाबी गायकों की स्टार नाइट होगी। पंचायत और मेला समिति ने क्षेत्रवासियों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने और विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद उठाने का आह्वान किया है।