बिलासपुर। जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नाकाबंदी के दौरान तीन व्यक्तियों और एक युवती को 112 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू की टीम ने गश्त के दौरान कल्लर में नाकाबंदी कर रखी थी। वहां पर गाड़ियों की जांच की जा रही थी। उसी समय बिलासपुर की तरफ से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। कार में तीन व्यक्ति और एक युवती सवार थी। पुलिस को देखकर चारों घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान डैशबोर्ड के अंदर से एक लिफाफा बरामद हुआ। इसके अंदर 112 ग्राम चरस पाई गई। आरोपियों की पहचान सौरभ मान, निवासी गांव सुरखपूर रोड, डाकघर नजफगढ़ दिल्ली, मनीष कुमार, निवासी गांव मुंढ़ करनाल तहसील असंध, जिला करनाल हरियाणा, जतिन वत्स, निवासी टोडरमल कॉलोनी नफजगढ़ दिल्ली और 18 वर्षीय युवती निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि मुख्यालय डीएसपी राजकुमार ने की है।