थाना भराड़ी में आयोजित बैठक में प्रधान, उपप्रधान और पुलिस अधिकारी। स्रोत: जागरूक पाठक
भराड़ी थाने में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने की पुलिस के साथ
नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के थाना भराड़ी में नवनिर्वाचित प्रधानों, उप प्रधानों, वार्ड सदस्यों और समाजसेवियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायतों और पुलिस के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते नशे के प्रभाव पर रोक लगाने और नशामुक्त समाज की दिशा में जनसहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार या इससे जुड़े तत्वों की पहचान कर पुलिस को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और पुलिस हर स्तर पर सहयोग करेगी। बैठक में मौजूद प्रधानों और उपप्रधानों ने भी अपने विचार साझा करते हुए नशामुक्त पंचायत बनाने के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक कर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस ने नशामुक्त समाज बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसकी सफलता ग्रामीण स्तर पर जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के सहयोग पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत प्रतिनिधि सक्रिय भागीदारी निभाएं तो नशे के खिलाफ चल रही इस लड़ाई में प्रभावी सफलता हासिल की जा सकती है।