उपनिदेशक शिक्षा से मिला रिटायर शिक्षक संगठन का प्रतिनिधिमंडल, सौंपा मांग पत्र
उपनिदेशक ने दिया आश्वासन, एक महीने के भीतर सुलझाए जाएंगे कार्यालय स्तर के सभी मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय सेवानिवृत्त अध्यापक संगठन जिला सिरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान डॉ. बलबीर शर्मा के नेतृत्व में जिला उपनिदेशक (उच्चतर) डॉ. मदन लाल से मुलाकात की। संगठन ने नवनियुक्त उपनिदेशक को कार्यभार संभालने पर बधाई दी और सेवानिवृत्त शिक्षकों की लंबित समस्याएं बताईं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बजट के अभाव में पिछले तीन वर्षों से सेवानिवृत्त शिक्षकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल लंबित हैं। इससे बुजुर्ग पेंशनरों को इलाज का खर्च उठाने में परेशानी हो रही है। संगठन ने सरकार से पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाकर लंबित बिलों का जल्द भुगतान करने की मांग की।
इसके अलावा, बजट की कमी से न्यायालय संबंधी मामलों में पेंशनरों के चार्ज्ड हेड से जुड़े भुगतान भी रुके हुए हैं। कुछ सेवानिवृत्त शिक्षकों के अर्जित अवकाश और सामान्य जीवन बीमा के मामले भी लंबित हैं। संगठन ने इन मामलों को शीघ्र निपटाने का आग्रह किया।
उपनिदेशक डॉ. मदन लाल ने संगठन को आश्वासन दिया कि कार्यालय स्तर से जुड़े मामलों को एक महीने के भीतर सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। चिकित्सा प्रतिपूर्ति और अन्य बड़े भुगतानों का निपटारा बजट की उपलब्धता के अनुसार प्राथमिकता से किया जाएगा।
बैठक में ग्रेड-1 अधीक्षक दिनेश माटा, अनुभाग अधिकारी अनिल शर्मा, वरिष्ठ अधीक्षक भूपिंदर सिंह तथा संगठन के कार्यकारिणी सदस्य गुरदेव सिंह, सोमचंद, उमेश बहुगुणी, अनूप भटनागर, राकेश शर्मा, उपप्रधान रतना सिंह, महासचिव संतराम शर्मा, दुर्गानंद और मुख्य सलाहकार नरेश मोहिल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।