चांदपुर स्कूल में आयोजित एनएसएस शिविर में रिसोर्स पर्सन को सम्मानित करते हुए। स्रोत: स्कूल प्रब
एनएसएस शिविर में स्वयंसेवियों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष आवासीय शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद स्वयंसेवियों ने शारीरिक व्यायाम, योगाभ्यास और मार्चपास्ट का अभ्यास किया।
नाश्ते के बाद स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर की फूलों की क्यारियों और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ जरूरत वाले स्थानों पर सफेदी भी की गई।
बौद्धिक सत्र में अधिवक्ता अर्चित संत ने स्रोत व्यक्ति के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवियों को विधिक साक्षरता के बारे में जानकारी देते हुए भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों से अवगत करवाया। साथ ही सूचना का अधिकार अधिनियम के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियां दिखाई देने पर इसकी सूचना पुलिस, अभिभावकों या विद्यालय के प्रधानाचार्य को दें। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कपिल देव ठाकुर, निशा कुमारी और स्वयंसेवी मौजूद रहे।