अवैध खनन को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों से चर्चा करते उपायुक्त। स्रोत: डीपीआर
डीसी ने संयुक्त कमेटी गठित कर औचक निरीक्षण के दिए निर्देश, अली खड्ड और सीर खड्ड पर रहेगी विशेष निगरानी
जिले में खनन के लिए आवंटित हैं 16 वैध पट्टे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित विभागों की संयुक्त कमेटी गठित कर नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। पंजाब से आने वाले वाहनों की जांच के लिए गरामोड़ के पास चेक पोस्ट स्थापित की जाएगी। अली खड्ड और सीर खड्ड सहित चिह्नित हॉटस्पॉट पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। वीरवार को आयोजित बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को अवैध खनन से संबंधित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस, खनन, उद्योग, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों सहित सभी उपमंडल अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि जिले में खनन के लिए 16 वैध पट्टे आवंटित किए गए हैं। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष पुलिस विभाग अवैध खनन के मामलों में 160 से अधिक चालान कर चुका है। वहीं, खनन विभाग ने 139 से अधिक चालान किए हैं। डीसी ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने गरामोड़ के पास चेक पोस्ट स्थापित कर पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों की जांच करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और पुलिस विभाग को ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए जाएं, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
खड्डों के संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी नजर
उपायुक्त ने अली खड्ड, सीर खड्ड सहित जिले के सभी चिह्नित अवैध खनन क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन की गतिविधियां सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सभी विभागों को अपने दायित्व गंभीरता से निभाने को कहा।