बिलासपुर शहर में निरीक्षण पर पहुंचे हिमुडा निदेशक सदस्य व अधिकारी। स्रोत: जागरूक पाठक
हिमुडा निदेशक सदस्य ने तीन प्रमुख स्थानों का किया निरीक्षण, नालियों और फुटपाथों में सुधार पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए मरम्मत के साथ बरसाती पानी की निकासी और फुटपाथों की व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया गया है। हिमुडा निदेशक सदस्य जितेंद्र चंदेल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रोहित गुप्ता के साथ शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगते फुटपाथ, दियारा क्षेत्र की सड़क और बिलासपुर बस स्टैंड के साथ लगती सड़क की स्थिति का जायजा लिया गया। सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था करने पर चर्चा की गई, ताकि बरसात में पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित न हो और सड़कें जल्दी खराब न हों।
निरीक्षण के दौरान नालियों के निर्माण, बरसाती पानी की निकासी और फुटपाथों को व्यवस्थित करने की जरूरत पर विचार-विमर्श किया गया। जितेंद्र चंदेल ने कहा कि शहर के विकास में सड़कों के साथ नालियों और फुटपाथों की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण है। केवल सड़क बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए संबंधित विभाग के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक सुधारों की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। निरीक्षण के बाद कार्य शुरू करने की तिथि या बजट की जानकारी नहीं दी गई।