अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। त्यून-सरयून किसान एवं श्रमिक कल्याण सभा हरलोग की बैठक प्रधान रमेश चंद शर्मा की अध्यक्षता में हुई जिसमें करीब 60 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सभा महासचिव जोध सिंह, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य दिलीप सिंह, प्रकाश चंदेल, देसराज शर्मा, राकेश पाठक, संजीव कुमार, राकेश शर्मा व सभा के पूर्व महासचिव मान सिंह ठाकुर ने भाग लिया।
बैठक में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई तथा सरकार से मांग की गई कि हरलोग में गत 4 वर्षों से बन रहे सार्वजनिक शौचालय को जनहित में शुरू करवाया जाए, 20 वर्षों से बन रहे वन विश्राम गृह को जनहित में चलाया जाए और सरकाघाट से चंडीगढ़ बस वाया हरलोग की वापसी हरलोग से ही करवाई जाए क्योंकि यह बस सिर्फ इस रास्ते से जाती है लेकिन वापस नहीं जाती। बैठक में सरकार से मांग उठाई कि हरलोग में आईटीआई व उपतहसील खोली जाए। साथ ही क्षेत्र की करीब 12 पंचायतों का केंद्र बिंदू हरलोग में कॉलेज खुलवाया जाए।