अतिक्रमण की जद में घुमारवीं शहर
सड़कों पर दुकानदारी सजाए बैठे हैं लोग, प्रशासन खामोश
सुरेंद्र जम्वाल
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में सड़क पर अपनी दुकानदारी सजाए बैठे लोगों से आमजन व राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। यह लोग अपनी दुकान को सड़क तक लगा देते हैं जिससे कई बार जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती हैं।
अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बहुत पहले प्रशासन द्वारा येलो लाइन भी लगाई गई थी, पर कुछ दिनों के लिए सब ठीक ठाक रहा लेकिन उसके बाद फिर वही हाल शहर का हो गया है जैसा पहले हुआ करता था। इस सड़क पर सबसे ज्यादा अतिक्रमण हो रहा है। उस सड़क पर घुमारवीं प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ियां दिन में कई बार इधर-उधर दौड़ती रहती हैं पर प्रशासन आंख बंद करके बैठा हुआ है। प्रशासन का मूक दर्शक बनना लोगों को परेशानी में डाल रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन क्यों कार्रवाई करने से पीछे हटता है, क्या इसके पीछे राजनीतिक दबाव तो नहीं है।
शहर के लोगों में ज्ञान चंद ठाकुर, विशाल भारद्वाज, विशाल चौहान, मंजीत ठाकुर, रमजान, प्रदीप गुप्ता, होशियार सिंह, अनिल मिंटु ने कहा कि प्रशासन का दोहरा मापदंड आम लोगों पर भारी पड़ रहा है क्योंकि प्रशासन ही कार्रवाई करने से हिचकिचाता है। शहर में बढ़ती ट्रैफिक व्यवस्था तथा लोगों द्वारा सड़कों पर किया गया अतिक्रमण से कभी भी हादसा होने के संकेत हैं।
घुमारवीं की नगर परिषद अध्यक्षा गीता महाजन का कहना है कि शीघ्र ही शहर का दौरा किया जाएगा और दुकानदार को चेतावनी दी जाएगी कि अपना समान दुकान के भीतर ही रखें। अगर फिर भी दुकानदार आदेशों की पालना नहीं करते हैं तो उनका सामान जब्त किया जाएगा व चालान काटे जाएंगे।
-------------
...सुरेंद्र जम्वाल...खेमराज शर्मा।