अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला बिलासपुर खेलों का हब बनने की ओर अग्रसर है। यहां जल, थल और वायु की खेलों की अपार संभावनाएं हैं जिन्हें विकसित करके न केवल युवा प्रतिभाओं को उचित खेल मंच ही प्राप्त होगा अपितु बिलासपुर का नाम विश्व पर्यटन मानचित्र पर भी अंकित होगा। यह विचार सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने रावमापा छात्र के प्रांगण में तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता के शुभारंभ के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी अपना विशेष महत्व है। खेलने से शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास भी होता है।
उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर के खिलाड़ियों ने न केवल राज्य व देश में ही जिला व प्रदेश का नाम रोशन किया है। अपितु विश्व खेल कूद प्रतियोगिताओं में बेहतर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करके देश का नाम विदेशों में भी भारत का लोहा मनवाया है।
कहा कि जिला बिलासपुर में साहसिक खेलों के भव्य आयोजन के लिए एक कार्य योजना बनाई जा रही है। इसके तहत विश्व स्तर के विशिष्ट खिलाड़ी यहां पैरागलाइडिंग और जल क्रीड़ा की स्पर्धाओं में भाग ले सकें।
इस प्रयासों से न केवल युवा प्रतिभाओं की खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी अपितु आर्थिक दृष्टि से भी क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। लुहणू स्थित खेल स्टेडियम के लकड़ी के फर्श तथा भवनों की मरम्मत के लिए उपलब्ध करवाई गई। धनराशि का ब्योरा देते हुए कहा कि लुहणू स्थित स्टेडियम में खेल की गतिविधियों को सुदृढ़ता और बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने हाल ही में 1 करोड़ की राशि उपलब्ध करवाई है। कहा कि जिला में स्कूलों बच्चों की खेल प्रतिभा को विकसित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से खेल स्टेडियम निर्मित किए जा रहे हैं। इस श्रृंखला में मल्यावर पंचायत के स्कूल को खेल स्टेडियम बनाने के लिए 10 लाख की राशि उपलब्ध करवाई है। प्रतियोगिता में 15 स्कूलों के 248 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस मौके पर एडीपीईओ धर्मपाल बधान, प्रधानाचार्य राकेश कुमारी शर्मा, अधिशाषी अभियंता विश्वनाथ पराशर, जिला खेल अधिकारी श्याम लाल कौंडल, स्कूल प्रबंधन अध्यक्ष संतोष जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।