बिलासपुर। सदर विधायक सुभाष ठाकुर की अध्यक्षता में ई-निर्वाचन क्षेत्र के प्रबंधन पर सातवीं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ई-विधानसभा कमेटी के अधिकारियों मधुर शर्मा, पारस शर्मा और ओम प्रकाश ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया।
सुभाष ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के 16 विधानसभा क्षेत्रों में ई-निर्वाचन के तहत कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र को ई-निर्वाचन ऐप से जोड़ा गया है। ई-निर्वाचन ऐप से जुड़ने पर अधिकारियों को सभी सूचनाएं आनलाइन उपलब्ध होंगी और समस्त अधिकारी जब इस ऐप से जुड़ेंगे तो प्रदेश सरकार के सभी कार्यक्रमों, योजनाओं की जानकारियां मोबाइल पर आनलाइन देख सकेंगे। सभी कार्य आनलाइन होने से जहां समय और धन की बचत होगी, वहीं पर्यावरण का भी संरक्षण होगा। बीडीओ, पीडब्लूडी, आईपीएच, वन विभाग, एचपीएससीबी, नगर परिषद को इससे जोड़ा गया है। अन्य विभागों को भी ऐप से जोड़ा जाएगा। यदि किसी भी अधिकारी को ऐप डाउनलोड करने या चलाने में कोई समस्या आती है, तो वह प्रवीण कुमार 94592-76549, ओम प्रकाश 98178-45556, विकास डोगरा 88942-42853 से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर उपायुक्त विवेक भाटिया, एसपी अशोक कुमार, एसडीएम शशीपाल शर्मा के अतिरिक्त सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।