शाहतलाई (बिलासपुर)। शाहतलाई-बिलासपुर मुख्य सड़क पर वार्ड सात में बने पुल पर दरारें आ गई हैं। मरम्मत कार्य के चलते बुधवार से यातायात के लिए यह सड़क 15 दिन बंद रहेगी। इससे बिलासपुर दियोटसिद्ध, झबोला, दसलेहडा़, बरठीं को जाने के वाहन वाया शाहतलाई के मुख्य चौक से गुरुनाझाड़ी मंदिर को जाने वाली सड़क से दुग्ग खड्ड से होते हुए झबोला वार्ड-एक के पास निकलेंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुल यातायात के लिए बंद कर दिया है। लोगों की सुविधा को देखते हुए पुरानी सड़क की रिपेयर भी कर दी है, ताकि लोगों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो।
मुख्य सड़क बंद हो जाने से दियोटसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और चकमोह-बिझड़ जाने वाले यात्रियों को लगभग चार किलोमीटर घूमकर जाना होगा। मंदिर न्यास द्वारा संचालित डिग्री कॉलेज चकमोह को जाने वाले शाहतलाई क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों को भी अब इस परेशानी से कुछ दिन दोचार होना पड़ेगा। शाहतलाई से घुमारवीं वाया भाखड़ा सड़क पर लोहे का पुल 1970 के दशक में बना है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शशिपाल धीमान ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए यातायात बंद किया जा रहा है। इसे बंद करने की उपमंडलाधिकारी (नागरिक) से अनुमति ले ली गई है।