बिलासपुर। जिला में सीमेंट कंपनियों की दमनकारी नीतियों के विरोध में बिलासपुर और सोलन जिला के ट्रक ऑपरेटर एक साथ मिलकर विरोध करेंगे। इसके लिए ट्रक ऑपरेटरों की प्रबंधन कमेटियों की बैठक बिलासपुर में हुई। इसमें आगे की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि ट्रक ऑपरेटरों को किसी भी सीमेंट कंपनी में कोई समस्या आती है तो उस पर सभी परिवहन सभाओं की प्रबंधक कमेटियां मिलकर फैसला लेेंगी।
उल्लेखनीय है कि अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी ने अभी तक ट्रक ऑपरेटरों के साथ माल ढुलाई और अन्य मामलों को लेकर अनुबंध नहीं किया है। हालांकि इस मुद्दे को लेकर प्रशासन ने ऑपरेटरों और कंपनी प्रबंधन की बैठक नौ फरवरी को बुलाई थी। लेकिन उसमें भी कंपनी की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। इसके अलावा बरमाणा एसीसी, दाड़लाघांट अंबुजा सीमेंट कारखानों में ऑपरेटरों के कई मुद्दे लंबित पड़े हैं। इसको लेकर दोनों जिलों के ऑपरेटरों ने अब एकजुट होने का मन बना लिया है।
बिलासपुर में आयोजित बैठक में बीडीटीएस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंदुराम ठाकुर, पूर्व प्रधान लेखराम वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चौधरी और विनय वर्मा, एसडीटीओ दाड़लाघाट व सोलन ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रधान रत्न मिश्रा, खारसी परिवहन सभा के प्रधान महेंद्र सिंह, उपप्रधान परमानंद ठाकुर, अड्डा प्रभारी धर्मपाल ठाकुर, परसराम, रानीकोटला परिवहन सभा के प्रधान प्रेमसिंह ठाकुर, उपप्रधान बबलू शर्मा, महासचिव मान सिंह ठाकुर, महर्षि मार्कंडेय परिवहन सभा के प्रधान कै. सुरेंद्र कुमार, महासचिव जोगिंद्र पाल, मांगल परिवहन सभा के तरसेन सिंह और हीरा लाल मौजूद रहे।
खारसी सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि कंपनी ट्रक ऑपरेटरों के अधिकारों का हनन कर रही है। अगर भविष्य में ऑपरेटरों को कोई भी समस्या आती है तो तीनों सीमेंट कंपनियों के परिवहन सभा के पदाधिकारी मिलकर समस्या का समाधान करेंगे।