परिवहन पेंशनर संगठन कल विधानसभा का घेराव करेगा
पेंशन का भुगतान न होने और मांगों को लटकाए जाने पर लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं (बिलासपुर)। हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन के समस्त सेवानिवृत्त कर्मचारी 14 फरवरी को शिमला में विधानसभा का घेराव कर अपना रोष व्यक्त करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश भर के सेवानिवृत्त पथ परिवहन कर्मचारियों की ओर से उनकी मांगों को लटकाए जाने व पेंशन का भुगतान सही न होने पर शिमला में प्रबंधक निदेशक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर रोष रैली निकालकर विधानसभा का घेराव करने का मन बना चुके हैं।
संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सेवानिवृत्त मंडलीय प्रबंधक एसपी चटर्जी ने बताया कि प्रदेश के लगभग हजार कर्मचारियों को न तो सरकार सही ढंग से पेंशन दे पा रही है और न ही उनकी अन्य मांगों पर गौर किया जा रहा है। लगातार वह सरकार को अपनी मांगों व पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर कई बार मिल चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा उन्हें कुछ भी हाथ नहीं लगा है। समस्त कर्मचारी शिमला में 14 फरवरी को धरना-प्रदर्शन व घेराव करने पर मजबूर हो गए हैं।
कई माह की पेंशन कर्मचारियों की लटकी हुई है। दो वक्त की रोजी-रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो चुका है। अब पथ परिवहन के सेवानिवृत्त कर्मचारी सरकार से आरपार की लड़ाई के मूड़ में आ चुके हैं।
सरकार से मांग की है कि यदि सरकार इस समस्या का समाधान 14 से पहले कर देती है तो वह घेराव का विचार त्याग कर सरकार से कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे अन्यथा 14 फरवरी को सरकार के खिलाफ विगुल फूंक दिया जाएगा। यदि किसी जानमाल का नुकसान होता है तो सरकार पूर्ण रूप से इसकी जिम्मेवार होगी।
--------------------------------------
....मंगल ठाकुर..खेमराज शर्मा।