अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। बिलासपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से घुमारवीं के लोगों को उम्मीदें जगी हैं। लोगों का कहना है कि यह दौरा ऐतिहासिक होगा क्योंकि सीएम बनने के बाद उनका घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र का पहला दौरा है।
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आस जगी है कि इस दौरे में शायद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लोगों की समस्याओं को समझेंगे और विधानसभा सभा के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए कोई बड़ा प्रोजेक्ट या संस्थान की घोषणा करेंगे जिससे आम जनता को लाभ मिल सके।
पूर्व सरकार ने बेशक शिलान्यासों की झड़ी लगा दी थी लेकिन शिलान्यासों के बाद वह कार्य ठंडे बस्ते में पड़े हैं, या बंद ही हो गए हैं।
इनमें कृत्रिम झील, मीट मार्केट के गंदे नाले का चैनेलाइजेशन कर बनने वाली पार्किंग, इंडोर स्टेडियम व बस स्टैंड का विस्तारीकरण व वैकल्पिक सड़क हो यह काम बंद हो चुके हैं। कुछ कार्य ऐसे भी हैं जिनका काम धीमी गति से चला है, या बंद पड़ा हुआ है जिनमें नगर परिषद के सब वार्डों में बनने वाले पार्क हैं।
विधानसभा क्षेत्र के लोगों में राज कुमार, तिलक सिंह, प्यार सिंह, कुलदीप सिंह, अमर सिंह, प्रदीप कुमार, मंजीत सिंह, होशियार सिंह, दीपक कुमार, हैप्पी, पप्पू, खलील अहमद तथा जगतपाल ने कहा कि पूर्व में जो विधायक घुमारवीं विधानसभा में रहे हैं उनके द्वारा भी घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लिए लोगों को रोजगार के अवसर मुहैया करवाने के लिए बड़ा प्रोजेक्ट या संस्थान नहीं ला पाए हैं। इसलिए इस बार सीएम बनने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यह पहला एक दिवसीय दौरा है जो घुमारवीं विधानसभा की जनता के लिए यादगार होना चाहिए।