आउट सोर्स आधार पर विद्युत कर्मियों की सेवा जारी रखे बोर्ड
विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ ने सांसद अनुराग ठाकुर को सौंपा मांग पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
जुखाला (बिलासपुर) भारतीय मजदूर संघ से संबंधित हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ ने संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष शालीग्राम की अध्यक्षता में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा है।
इसमें विद्युत संपत्तियों का एचपीपीटीसीएल को स्थानांतरण न करने, तृतीय व चतुर्थ कर्मचारियों का वर्दी भत्ता बढ़ाने व आउट सोर्स आधार पर विद्युत बोर्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सेवा जारी रखने के बारे में मांग की गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि विद्युत अधिनियम 2003 के अंतर्गत हिमाचल विद्युत कर्मचारी संगठन में 2010 के समझौते के तहत संपत्तियों का विभाजन हुआ था लेकिन बोर्ड ने अब 66 केवी व इससे ऊपर के बड़े विद्युत संस्थानों को एचपीपीटीसीएल को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है, इससे विद्युत बोर्ड की परिसंपत्तियां कम हो जाएंगी। जबकि विद्युत बोर्ड पर जहां 23000 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन भत्ते व वर्तमान कर्मचारियों के सेवा शर्त के तहत देनदारियों का बड़ा दायित्व है, यह 2010 को हुए समझौते का उल्लंघन है। इसके अलावा चतुर्थ व तृतीय कर्मचारियों का वर्दी भत्ता 500 रुपये करने का भी आग्रह किया है।
--------------
....गोपाल शर्मा।