अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ की राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन अध्यक्ष रत्नेश्वर सलारिया की अध्यक्षता में हुआ। बैठक तय किया गया कि संघ के द्विवार्षिक चुनाव जून 2019 तक संपन्न करवाए जाएंगे।
इसके अंतर्गत संघ के विभिन्न जिलों के चुनाव अप्रैल-मई माह तक पूरे करवा दिए जाएंगे तथा जून माह में प्रदेश स्तरीय चुनावों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही इस बैठक में संघ की विभिन्न मांगों को सरकार से मनवाने की रणनीति भी तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मात्र एक वर्ष के खराब परीक्षा परिणाम के कारण 38 प्रवक्ताओं की रोकी गई इंक्रीमेंट बहाल की जाए। बैठक में यह भी मांग की गई मुख्य अध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों की पदोन्नति सूची अविलंब जारी की जाए। इस पदोन्नति सूची के जारी न होने से जहां पाठशाला में बच्चों की पढ़ाई पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है वहीं 20 से 25 वर्ष तक शिक्षा विभाग में सेवाएं देने के पश्चात भी प्रवक्ता एवं टीजीटी अपने संपूर्ण अध्यापन काल में बिना किसी पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इससे इस कैडर में भारी रोष व्याप्त है।
बैठक में यह भी मांग की गई कि पदोन्नत प्रवक्ता को पदोन्नति की प्रथम तिथि से 5400 रुपये का ग्रेड पे दिया जाए, पीजीटी का पदनाम पहले की तरह प्रवक्ता बहाल किया जाए, 2010 के बाद पदोन्नत हुए प्रवक्ताओं को भी मुख्य अध्यापक बनने का मौका दिया जाए। स्कूल प्रवक्ता से प्रधानाचार्य के पद पर 50 प्रतिशत पदोन्नति कोटे में से 25 प्रतिशत कोटा पदोन्नत प्रवक्ता को अलग से दिया जाए। टीजीटी कैडर की 25000 की संख्या को मद्दे नजर रखते हुए निरीक्षण कैडर में मुख्य अध्यापकों के पद भी सृजित किए जाएं।
इस बैठक में संघ के प्रदेश महासचिव यशवीर जमवाल, वित्त सचिव महेंद्र गुप्ता, राजकुमार शर्मा, केवल ठाकुर, संजीव शर्मा, कमल किशोर, मनोज, प्रदीप धीमान, प्रवीण चंदेल, प्रवीण गुलेरिया, हरीमन, विनोद शर्मा, दिनेश शर्मा, संदीप डडवाल, राज कुमार धीमान, वीरेंद्र कतना, परसराम लोहिया, कुलबीर वर्मा, मीना ठाकुर, सोहनलाल, चंद्रशेखर, यशपाल, जगदीश व पवन सहित कई उपस्थित थे।