अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ की बैठक बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक में राजकीय प्राथमिक पाठशाला नैण में कार्यरत कुंजू राम के आकस्मिक निधन पर संघ ने मौन रखा तथा शोक प्रकट किया। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु सीमा 60 वर्ष की जाए तथा रात्रि चौकीदार का ड्यूटी समय दूसरे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तरह आठ घंटे होना चाहिए क्योंकि चौकीदार को भी दूसरे कर्मचारियों की तरह समान वेतन दिया जाता है। रात्रि सेवा के लिए चौकीदार के अलग पद की व्यवस्था की जाए। दैनिक भोगी कर्मचारियों को 14 साल के बजाए 12 साल में नियमित किया जाए तथा नई पेंशन की जगह पुरानी पेंशन नीति बहाल की जाए, जो 2002 में सरकार के द्वारा अंशकालीन कर्मचारियों पर विशेष आयु सीमा में छूट देकर नियुक्त किया था और जो एक साल के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं उनकी भी 15 साल तक सेवाएं बढ़ाई जाएं।
बैठक में दैनिक भोगी एवं अंशकालीन कर्मचारी संघ के कोषाध्यक्ष जगदीश चंद भी मौजूद रहे वहीं संत राम, सुमन कुमारी, जगदीश चंद, ब्रज लाल, सविता देवी, सुखदेव चौहान, गीता देवी, पवना देवी सहित अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।