स्वारघाट मेले के लिए दो कमेटियां आमने-सामने
21 से 25 मई तक किया जाएगा आयोजन
विक्रम ठाकुर
स्वारघाट (बिलासपुर)।
जिला बिलासपुर के स्वारघाट में होने वाले जिला स्तरीय मेले पर इस बार संकट के बादल छा गए हैं। मेला कमेटी के आयोजन का कार्य पहले पुरानी कमेटी देख रही थी लेकिन अभी कुछ दिन पहले एक और कमेटी बन कर सामने आ गई। अब दोनों कमेटियों में टकराव की स्थिति बनी हुई है। इससे मेले के आयोजन पर भी इसका असर पड़ना लाजमी है।
उल्लेखनीय है कि पुरानी कमेटी प्रधान पुरुषोत्तम चंद की अध्यक्षता में मेले के आयोजन के लिए कार्य कर रही है। कमेटी ने मेला ग्राउंड में प्लाटों का आवंटन आठ और नौ मई को पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर रखा था लेकिन इसी दौरान सुभाष चंद शर्मा की अध्यक्षता में एक और मेला कमेटी बन कर सामने आ गई। ऐसे में सवाल है कि आखिर मेला किस कमेटी के देखरेख में होगा?
स्वारघाट में पांच दिवसीय मेले का आयोजन 21 से 25 मई तक किया जाएगा। स्वारघाट पुलिस ने मेला ग्राउंड की निशानदेही भी करवाई है क्योंकि मेला ग्राउंड जिला बिलासपुर और जिला सोलन की सीमा में पड़ता है। अब इस बार नई कमेटी तैयार होने से स्वारघाट मेले को आयोजित करने में संकट के बादल मंडरा रहे हैं। लोगों में भी यह चर्चा है कि आखिरकार तीन साल बाद नई कमेटी मेला कराने को क्यों आगे आ रही है? नई मेला कमेटी के प्रधान सुभाष चंद्र गर्ग ए श्रेणी के लोनिवि के ठेकेदार भी हैं।
तीन साल पहले बनी पुरानी कमेटी में वे लोग भी शामिल थे जो आज नई कमेटी तैयार करके मेले को आयोजित करने की तैयारी में हैं। तीन साल पहले पुरानी कमेटी ने मेला ग्राउंड पर लाखों रुपये जनता के सहयोग से खर्च करके प्लेटफार्म तैयार किया था और तीनों बार ही सफल मेला आयोजित करवाकर पुरानी कमेटी ने स्वारघाट और साथ लगते नालागढ़ की जनता के दिलो में अपनी गहरी छाप छोड़ी रखी है।
बिना भेदभाव होगा मेले का आयोजन : महाजन
पुरानी कमेटी के प्रधान पुरुषोत्तम चंद महाजन का कहना है कि स्वारघाट मेला स्थानीय जनता के सहयोग से तीन साल से हो रहा है। इस बार भी पहले की तरह पांच दिन तक मेले का सफल आयोजन बिना किसी भेदभाव से किया होगा। उन्होंने प्रशासन और प्रदेश सरकार से स्वारघाट मेले के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है।
जैसे आदेश होंगे, उन पर अमल होगा : गर्ग
नई कमेटी के प्रधान सुभाष चंद गर्ग का कहना है कि उन्होंने मेला कमेटी पुरानी कमेटी की सहमति से एसडीएम के समक्ष बनाई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही एसडीएम आदेश देंगे, वह उन पर अमल करेंगे।