बिलासपुर। ग्राम पंचायत नौणी के ग्रामीणों ने मंगलवार को खाली घड़े लेकर एनएच किनारे प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दस दिनों से उन्हें पीने का पानी नहीं मिल रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि जल्द पानी की आपूर्ति नियमित न की गई तो आईपीएच मंत्री के घर का घेराव करने के लिए विवश होना पड़ेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पानी की समस्या ने परेशान हैं। कुछ समय से पानी की अनियमित आपूर्ति से परेशान हैं। केवल दस से पंद्रह मिनट तक पानी की आपूर्ति हो रही है। जबकि पानी की जरूरत पूरी करने के लिए प्राकृतिक जलस्रोतों व हैंडपंपों की ओर जाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी रमेश चंद ने बताया कि मंडी माणवां भाखड़ा विस्थापित लोगों का गांव है। देश को रौशन करने के लिए अपने घर और सब कुछ कुर्बान किया है। लेकिन, बदले में कुछ भी नहीं मिल सका। आज विस्थापित पानी की बूंद-बूंद के लिए मोहताज हो गए हैं। दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति प्रभावित है। यदि पानी की आपूर्ति की भी जा रही है तो महज खानापूर्ति के लिए। ऐसे हालात में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत नौणी के उपप्रधान शुभम कुमार ने बताया कि पानी की सप्लाई बाधित है। एक शिकायती रजिस्टर भी रखा गया है, लेकिन महज खानापूर्ति के लिए है। कई बार पानी की समस्या के समाधान को लेकर प्रस्ताव डालकर विभाग को भेजे गए हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन विधायक ने एक नई स्कीम का शुभारंभ किया था। लेकिन, तकनीकी खराबी के चलते यह स्कीम सफेद हाथी बनकर रह गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पानी की आपूर्ति सुचारु न की गई तो आईपीएच मंत्री का घेराव किया जाएगा।
नौणी ग्राम पंचायत प्रधान निर्मला राजपूत ने बताया कि पांच सितंबर 2016 को पब्लिक टैप कनेक्शन के लिए एक प्रस्ताव पारित कर विभाग को प्रेषित किया गया था। लेकिन, आज दिन तक इस संदर्भ में कोई कार्यवाही नहीं की गई। बोर कर तैयार की गई स्कीम आज जंग खा रही है। विभाग से आग्रह किया कि जल्द पानी की आपूर्ति सुनिश्चित बनाए, अन्यथा ग्रामीण आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता अरविंद वर्मा का कहना है कि मामला ध्यान में आने के बाद तत्काल जेई और एसडीओ को मौके पर भेजा गया है। यदि पेयजल आपूर्ति में कोई रुकावट आ रही है तो जल्द इसका समाधान किया जाएगा।