बिलासपुर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि सोमवार को जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 5 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन भरे हैं।
विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं में राजेश धर्माणी ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा। जबकि राजेंद्र गर्ग ने भाजपा प्रत्याशी, मस्तराम ने लोक गठबंधन पार्टी और सुरेश कुमार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा है।
इसी प्रकार सदर बिलासपुर से बंबर ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा। जबकि अमर सिंह ने लोक गठबंधन पार्टी की ओर से अपना नामांकन दाखिल किया।
श्री नयनादेवीजी विधानसभा क्षेत्र से रणधीर शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जबकि, सुखराम ठाकुर ने निर्दलीय और बालक राम शर्मा ने ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल करवाया। विधानसभा क्षेत्र झंडूता में आज किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 16 से 23 अक्तूबर तक रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालय में कुल 18 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र भरे हैं। इसमें झंडूता विधानसभा क्षेत्र से तीन, घुमारवीं से चार, सदर बिलासपुर से पांच और श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र से 6 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन भरे हैं। उन्होंने बताया कि 24 अक्तूबर को सभी उम्मीदवारों के नामांकन की छंटनी की जाएगी और 26 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।