अमर उजाला ब्यूरो
श्री नयना देवी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में शारदीय नवरात्रों के दौरान जहां पर पांचवें नवरात्रे के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में बढ़ोतरी हुई, वहीं पर मंदिर न्यास को चौथे चढ़ावे के रूप में 4 लाख 34 हजार 920 रुपये नकद, सोना 23 ग्राम 700 मिलीग्राम और चांदी 1 किलोग्राम चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई है। मंदिर अधिकारी दुर्गादास ने इसकी पुष्टि की है।
मंदिर अधिकारी दुर्गा दास ने मंदिर क्षेत्र का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रविवार, सोमवार और मंगलवार को श्रद्धालुओं की संख्या में अपेक्षाकृत वृद्धि होने वाली है, जिसको लेकर मंदिर न्यास पूरी तरह सजग है। आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
माताजी के सदाव्रत लंगर में श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई है जिसमें सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात्रि का भोजन शामिल है। यहां पर जेबीडी समाज सेवी संस्था करनाल हरियाणा की संस्था के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई है। इस दौरान साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। वह स्वयं भी समय-समय पर लंगर भवन का निरीक्षण करते रहते हैं।
मंदिर अधिकारी ने बताया कि मेला सुख-शांति से चल रहा है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।