स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्वारघाट के समीप भूमक स्थान में पहाड़ी से गिरी भारी भरकम चट्टानों को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। लोक निर्माण विभाग की जेसीबी व चट्टानों को तोड़ने के लिए रॉक ब्रेकर कार्य कर रहे हैं। घुमारवीं से भी एक रॉक ब्रेकर बुलाया गया है। लोक निर्माण उपमंडल स्वारघाट प्रशासन सड़क को दोतरफा बहाल करने को जुटे हुए हैं लेकिन बारिश के कारण राहत व बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर भूमक स्थान में भारी बारिश की वजह से शनिवार को दोपहर बाद भूमक स्थान में पहाड़ी से हुए भूस्खलन होने के कारण उक्त सड़क पर कुछ घंटे के लिए यातायात बाधित हो गया था लेकिन सूचना मिलते ही मौके पर लोक निर्माण विभाग की लेबर व जेसीबी भेजकर तुरंत ही एक तरफा यातायात शनिवार शाम को ही बहाल करवा दिया गया था।
विज्ञापन
रविवार सुबह 5 बजे से लोक निर्माण विभाग द्वारा भूमक स्थान में पहाड़ी से पिछले कल गिरी भारी भरकम चट्टानों को रॉक ब्रेकर व जेसीबी के सहायता से तोड़ा जा रहा है। हालांकि स्वारघाट उपमंडल में पिछले 36 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण राहत व बचाव कार्य करने में दिक्कत आ रही है। भूमक स्थान में चट्टानों को तोड़ने में लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट प्रशासन जुटा हुआ है। इसके अलावा पिछले कल से स्वारघाट थाना पुलिस की एक टीम भी घटनास्थल पर जाम खोलने में जुटी हुई है।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट के सहायक अभियंता दीपक सुरहेली ने पुष्टि करते हुए बताया है कि शनिवार आधी रात तक पहाड़ी से गिरी हुई काफी चट्टानों को हटाया जा चुका है लेकिन एक भारी भरकम चट्टान को रॉक ब्रेकर व विभाग की लेबर की सहायता से तोड़ा जा रहा है। रविवार शाम तक दोतरफा यातायात बहाल कर दिया जाएगा।