खजुरिया। एक बालिका को शौचालय में सांप ने काट लिया। जिसकी उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया। घटना खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम करसौला की है। ग्राम निवासी रिफाकत खां की पांच वर्षीय पुत्री शनिवार की सुबह करीब सात बजे अपने घर के शौचालय में गई थी। परिजनों के अनुसार, शौचालय में सांप ने बालिका को काट लिया। जिसके कारण उसकी कुछ ही देर में हालत खराब होने लगी। हालत खराब होने पर परिजनों ने उसे पहले तो गांव और आसपास के चिकित्सकों को दिखाया, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे बरेली के कस्बा जाफरपुर निवासी एक चिकित्सक के पास ले गए। यहां भी कोई उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में परिजन उसे कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ईसानगर स्थित अस्पताल भी लेकर गए लेकिन चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे शनिवार की रात में जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया। मृतका दो बहनों में सबसे बड़ी थी।