अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। शहर में सब्जी मंडी के ठीक सामने बने गोसदन की जमीन पर नियमों को ताक पर रख कर सरेआम अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। यही नहीं, यहां अवैध रूप से बने खोखों को बिजली बोर्ड ने बिजली कनेक्शन भी दे रखा है। हालांकि, इस संबंध में गोशाला के संचालकों ने कई बार नप और जिला प्रशासन को भी शिकायत की लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे अवैध कब्जा धारकों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व उपायुक्त के आदेश के बाद कुछ अधिकारी मौके पर पहुंचे जरूर लेकिन उसके आगे कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। जबकि, गोसदन में अभी पचास से अधिक लावारिस पशुओं को रखा गया हैं। यही नहीं, नप सालों से इसी गोशाला का हवाला देकर हाईकोर्ट में भी हलफनामा देती आ रही है। उल्लेखनीय है कि सब्जी मंडी के सामने नगर परिषद ने गोशाला के लिए जमीन दे रखी है। यहां स्थानीय लोगों द्वारा अपने खर्च पर गोशाला चलाई जा रही है। इसी गोशाला के नाम पर नगर परिषद हाईकोर्ट में कई बार हलफनामा भी दे कर यह बता चुका है कि नगर परिषद गोशाला का संचालन कर रही है लेकिन इसके बाद यहां हो रहे अवैध निर्माण को हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहा है। उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि इस मामले को लेकर नगर परिषद के अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया है।
बिना एनओसी कैसे दे दिया बिजली कनेक्शन
बिजली बोर्ड ने किस आधार पर यहां बने खोखों को बिजली कनेक्शन दिए हैं, यह भी बड़ा सवाल बना है। क्योंकि बिजली कनेक्शन के लिए अपनी जमीन होने के साथ नप की एनओसी भी जरूरी होती है। इसके बाद बिजली कनेक्शन जारी होता है। ऐसे में सवाल है कि नप ने फर्जी एनओसी जारी की है या फिर बिजली बोर्ड ने बिना एनओसी के कनेक्शन जारी कर दिया।
अब हाईकोर्ट में करेंगे शिकायत : अशोक
गोशाला के संचालक अशोक कुमार का कहना है कि गोशाला की जमीन पर कुछ लोग अवैध कब्जा किए हुए हैं। हालांकि, इसके बारे में कई बार संबंधित विभागों को शिकायत दी गई लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। कहा कि अब पूरे मामले को लेकर वह हाईकोर्ट में शिकायत करेंगे क्योंकि दिन प्रतिदिन गोवंश की संख्या बढ़ रही है, जिस कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नप ने मौके पर पहुंच कर हटाया कब्जा
दो दिन पूर्व बन रहे एक अन्य खोखे को मंगलवार को सुबह नगर परिषद के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर हटा दिया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले गोसदन की जमीन में एक और अवैध निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसे मंगलवार को सुबह ही मौके पर पहुंच कर उक्त कब्जे को तो हटा दिया। लेकिन अन्य कब्जों पर अभी भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।