स्वारघाट (बिलासपुर)। चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वारघाट में एडीएम बिलासपुर विनय कुमार और एसडीएम स्वारघाट चेत सिंह ने दूसरी बार रिहर्सल कराई।
बुधवार को उपमंडल स्वारघाट के चेतना प्रशिक्षण केंद्र स्वारघाट में चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले 550 कर्मचारियों को रिहर्सल करवाई गई। एडीएम बिलासपुर विनय कुमार और एसडीएम स्वारघाट चेत सिंह ने ईवीएम व वीवीपेट के संचालन की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
एडीएम बिलासपुर विनय कुमार ने बताया कि रिहर्सल पर आए हुए सभी पीठासीन अधिकारियों, पोलिंग ऑफिसर व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का दृढ़ता से पालन किया जाए। ताकि प्रत्येक मतदाता अपने मतदान का प्रयोग निडर होकर कर सके। हर मतदान केंद्र पर तैनात बूथ लेबल अधिकारी को हर मतदाता तक मतदाता पर्ची को पहुंचाने की हर हाल में व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी पर जाने के आदेश दिए गए हैं।