डंगार स्कूल में अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड परीक्षा देते हुए विद्यार्थी। स्रोत: स्कूल प्रबंधन।
परीक्षा में छठी से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डंगार में गणित ओलंपियाड प्रतिष्ठान, नई दिल्ली के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा विद्यालय के प्रधानाचार्य परमजीत शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
परीक्षा में छठी से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह परीक्षा 71 विद्यार्थियों ने दी। परीक्षा के लिए स्कूल से कुल 80 विद्यार्थियों ने पंजीकरण किया था। गणित ओलंपियाड प्रतिष्ठान भारत सरकार की ओर से पंजीकृत संस्था है जो देशभर में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के पाठ्यक्रम पर आधारित गणित ओलंपियाड का आयोजन करती है। यह परीक्षा दो स्तरों में होती है। प्रथम स्तर विद्यालय स्तर पर उत्तर पुस्तिका आधारित होता है। अब तक पचास लाख से अधिक विद्यार्थी इसमें भाग ले चुके हैं। प्रधानाचार्य परमजीत शर्मा ने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में तर्कशक्ति और गणित के प्रति अभिरुचि बढ़ाना है। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।