बिलासपुर। जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने एक घर में छापा मारकर 67.52 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। चिट्टा एक कमरे में तकिये के नीचे छिपा कर रखा था। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। सदर थाना पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एसआईयू को सूचना मिली की बिलासपुर शहर के साथ लगते खेरियां लुहणू गांव में एक युवक ने भारी मात्रा में चिट्टा अपने घर में छिपा कर रखा है। एसआईयू ने शुक्रवार सुबह उस युवक के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान युवक के कमरे में बिस्तर पर तकिये के नीचे चिट्टा की पुड़िया बरामद हुई। वजन करने पर यह चिट्टा 67.52 ग्राम पाया गया। आरोपी की पहचान अजय कुमार निवासी गांव खैरियां लुहणू डाकघर बामटा जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय राजकुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पता किया जा रहा है कि आरोपी इस खेप को कहां से लाया है।