-हिमालयन सांस्कृतिक विकास संस्था की ओर से आयोजित हुआ शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। हिमालयन सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास संस्था निहारखन-बासला की ओर से रविवार को ब्रह्मपुखर में 24वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में 62 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर समाजसेवी श्रवण कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
रक्तदान शिविर में एम्स बिलासपुर से ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. राकेश कुमार और उनकी टीम ने सेवाएं दीं। संस्था के प्रधान शैलेंद्र भड़ोल और महासचिव किशोरी ठाकुर ने बताया कि शिविर सुबह 9:00 बजे से शुरू हुआ और शाम 4:00 बजे तक चला। इस दौरान भोजन की व्यवस्था भी संस्था की ओर से की गई। उन्होंने बताया कि संस्था अन्य सामाजिक कार्य करने के अलावा रक्तदान शिविर का आयोजन हर साल करती है, ताकि किसी को नया जीवन मिल सके। उन्होंने बताया कि हर साल लोग इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। कहा कि रक्तदान बहुत ही पुण्य का काम है। संस्था का यह 24 वां रक्तदान शिविर है। इस मौके पर एम्स बिलासपुर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करते रहना चाहिए, ताकि जरूरतमंद को नया जीवन मिल सके। संस्था की ओर से सभी रक्त वीरों को सम्मानित किया गया और उनका आभार जताया। साथ ही एम्स बिलासपुर की टीम का भी उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया और पूरी टीम को सम्मानित किया गया।