अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता क्षेत्र की बड़ग़ांव पंचायत के तहत आने वाले री गांव की पूरी पहाड़ी दरकना शुरू हो गई है। कई दिनों से हो रही बारिश के चलते पानी का रिसाब इस पहाड़ी में आ गया है जिससे पहाड़ी दरक रही है।
बता दें कि पूरा री गांव एक ही पहाड़ी पर बसा हुआ है जिसमें एक दर्जन परिवार के 100 लोग रहते हैं। वहीं, इस पहाड़ी के नीचे सीधे एक सड़क है और उसके नीचे खड्ड है। लोगों का कहना है कि यहां पर पहाड़ी का आधा हिस्सा गिर भी गया है और आधा हिस्सा गिरने की कगार में हैं लेकिन यहां पर कोई भी राजनैतिक नेता व कोई भी संबंधित विभागीय अधिकारी इन ग्रामीणों की समस्या का हल नहीं कर पा रहे हैं। इसके चलते प्रतिदिन उन्हें जान जोखिम में डालकर घरों में रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों में बाबूराम, किशोरी लाल, इंद्र सिंह, सुरजीत कुमार, कमल सिंह व अन्य लोगों का कहना है कि इस समस्या के बारे में कई बार ग्रामीण संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करवा चुके हैं लेकिन कोई भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इसके चलते आज हालात यह बन गए हैं कि कभी भी यह पूरी पहाड़ी गिर सकती हैं जिसमें एक दर्जन से अधिक परिवार मिट्टी में दब सकते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यहां पर जल्द से जल्द डंगा लगाया जाए। उन्होंने प्रशासन को चेताया है कि अगर इस समस्या को दूर नहीं किया गया तो ग्रामीण जिला मुख्यालय में जाकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपेंगे। इस दौरान अगर यहां पर कोई बड़ी घटना सामने आती है तो उसका जिम्मेवार संबंधित विभाग होगा।
उधर, बरठीं लोनिवि सहायक अभियंता प्रवीण वर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में आया है। मामला गंभीर है, जल्द ही मौके स्थल का निरीक्षण किया जाएगा और यहां पर कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
--