मुस्लिम विकास समिति ने फूंका पाकिस्तान का पुतला
बोले, इस्लाम में आतंकवाद और आतंकवादियों के लिए नहीं कोई स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। पुलवामा प्रकरण में देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सेना के जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। सरकार को चाहिए कि वे शीघ्र देश के इन गद्दारों और सीमा पार के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। यह बात मुस्लिम विकास समिति के अध्यक्ष शमीम भुट्टो ने कही।
इससे पूर्व प्रधान शमीम भुट्टो की अगुवाई में एसडीएम झंडूता के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति भारत सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया। प्रधान शमीम भुट्टो ने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों की जान लेने वाले किसी भी नजरिये से हिंदुस्तानी नहीं हो सकते। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो भी लोग हैं उन्हें फांसी दी जानी चाहिए। इस्लाम में आतंकवाद और आतंकवादियों के लिए कोई स्थान नहीं है।
इससे पूर्व मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुख्य बस अड्डे से लेकर रैली निकाली। ज्ञापन प्रेषित करने के बाद पुन: बस स्टैंड पर आकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इस धरना प्रदर्शन में मुस्लिम विकास समिति के अध्यक्ष शमीम भुट्टो के अलावा इस्माईल दीन, परवेज अली, शान मोहम्मद, समूर अख्तर, वीरदीन, नूरदीन, अरफान मोहम्मद सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
-------------------------------
...खेमराज शर्मा।