अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं (बिलासपुर)। सहयोगात्मक परिदृष्य में एक ही छत के नीचे जनता और विभागीय अधिकारियों को इकट्ठा करने तथा जनमानस की समस्याओं का निवारण करने के चलते विश्राम गृह बरठीं में झंडूता क्षेत्र के विधायक के सौजन्य से जनसमस्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के इस मौके पर विधायक जीतराम कटवाल ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनकल्याण कारी कार्यों को समय से निपटाने की बात कही। एक वर्ष के अंदर उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों को विभागीय अधिकारियों की मदद से तीव्र गति प्रदान की है। जबकि अकेले क्षेत्र में सड़कों की बात की जाए तो 40 करोड़ रुपयों की व्यवस्था की गई है। जबकि प्रत्येक पंचायत को विकास कार्यों के लिए 3 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। जहां तक महिला मंडलों का प्रश्न है तो उन्हें भी शीघ्र ही धन उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बड़े-बड़े कार्यों की डीपीआर अंतिम चरण में है। मात्र एक वर्ष के भीतर ही 43 करोड़ के शिलान्यास ये दर्शाने के लिए काफी हैं कि प्रदेश सरकार लोगों की मांगों व समस्याओं के अनुरूप कार्य करने में तत्पर है।
इस मौके पर मंडल महामंत्री दिनेश चंदेल सचिव अमृत लाल, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रवीण वर्मा, आईपीएच विभाग के एसडीओ सुरेंद्र, सीडीपीओ नरेंद्र कुमार, बीएमओ अरविंद टंडन सहित अन्य दर्जनों विभागीय अधिकारी व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।