अधिवक्ता भी मध्यस्थता को लेकर लोगों को करें जागरूक
विवादों को निपटाने के लिए मध्यस्थता निभा रहा अहम भूमिका : परवीण चौहान
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। उपमंडल विधिक सेवा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष परवीण चौहान की अध्यक्षता में जिला न्यायालय परिसर में मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मध्यस्थता से जुड़े अधिवक्ताओं तथा लंबित न्यायिक मामलों के दोनों पक्षों के लोगों ने भाग लिया।
परवीण चौहान ने कहा कि मध्यस्थता एक कारगर माध्यम है जोकि लोगों के विभिन्न विवादों को परस्पर प्रेम व भाईचारे के साथ निपटाने में अहम भूमिका निभा रहा है। लोगों को छोटे-छोटे मामलों को आपसी समझौते से निपटाने चाहिए। पंचायत प्रतिनिधियों व उस क्षेत्र के पैरालीगल वालंटियरों के सहयोग से भी आपसी मामलों को निपटाने में सहयोग लिया जा सकता है।
काफी समय से न्यायालयों में लंबित पड़े मामलों को जिनमें मध्यस्थता की संभावना हो को निपटाने के लिए दोनों पक्षों को न्यायालय में आमंत्रित कर आपसी सहमति से समझौता करवा कर निपटाया जा सकता है। उसके उपरांत कोई भी पक्ष उस समझौते के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील नहीं कर सकता। अधिवक्ताओं से भी आह्वान किया कि वे मध्यस्थता के बारे में लोगों को जागरूक करें और अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाएं जिससे न्यायपालिका की साख भी बढ़ेगी और लोगों को भी मध्यस्थता का लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर अक्षी शर्मा, सचिव (सीनियर सिविल जज) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि मध्यस्थता एक स्वैच्छिक प्रक्रिया है जिसमें दोनों पक्षों की सहमति से सौहार्दपूर्ण ढंग से आगे बढ़कर एक उचित माहौल पैदा करके मामलों का निपटारा किया जा सकता है।
---------------
....खेमराज शर्मा।