अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। झंडूता में चार नवंबर को जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता एसडीएम झंडूता नवीन शर्मा ने की।
कार्यक्रम के लिए 19 अक्तूबर से प्री-जनमंच गतिविधियों को शुरू कर दिया जाएगा।
अधिकारियों को आदेश दिए कि उनके विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का जनमंच कार्यक्रम से पूर्व निरीक्षण करना सुनिश्चित बनाएं ताकि जनमंच कार्यक्रम के दौरान लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं का आसानी से निवारण संभव हो सके। विभिन्न गतिविधियों को एसडीएम कार्यालय की ई-मेल आईडी पर भेजना सुनिश्चित करें। अधिकारी संबंधित अधिकार क्षेत्र में आने वाली लोगों की समस्याओं और उनसे प्राप्त विभिन्न आवेदन पत्रों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को अपनी समस्याओं का समाधान घरद्वार पर ही मिल सके।
जनमंच कार्यक्रम में झंडूता विधानसभा क्षेत्र की आठ पंचायतें जिनमें कलोल, डूडिया, पपलोहा, जेजवीं, सलवाड़, धणी, कूल्जयार, भडोला कलां के लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर बीडीओ झंडूता विकास शर्मा के अतिरिक्त सभी विभागों के उपमंडल स्तरीय अधिकारी और संबंधित पंचायतों के पंचायत सचिव भी उपस्थित रहे।
।