बिलासपुर। रसोई गैस के सिलेंडर से भरे एक ट्रक का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। स्टेयरिंग फेल होने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और रोड किनारे एक पेड़ से टकरा गया। ट्रक में सवार क्लीनर गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल भेजा गया है।
एक ट्रक शनिवार की सुबह करीब आठ बजे बरेली के परसाखेड़ा स्थित गैस प्लांट से गैस लेकर आ रहा था। ट्रक को परसाखेड़ा निवासी मुख्तयार सिंह चला रहा था और क्लीनर रामवीर सिंह निवासी औंध थाना फतेहगंज पश्चिमी जिला बरेली था। नगर से करीब दो किलोमीटर दूर बिलासपुर केमरी रोड पर ग्राम देवापुर के पास अचानक ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो गया। जिससे चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक रोड किनारे एक पेड़ से टकरा गया। जान बचाने को चालक ट्रक से कूद गया। लेकिन क्लीनर ट्रक में फंसकर गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर तमाम लोग एकत्र हो गए। लोगों ने आनन-फानन में पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। घायल को तत्काल नगर के सीएचसी में भर्ती कराया गया। बाद में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना की कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई गई है।