अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। महराणा पंचायत सचिव के समय से पहले कार्यालय बंद करके चले जाने के सचिव को दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। वहीं बीडीओ को इस संबंध में विभागीय कार्रवाई लाने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि जब एसडीएम उक्त पंचायत में पहुंचे तो वहां सचिव नहीं था और पंचायत घर को ताला लगा है।
एसडीएम शशी पाल शर्मा ने बताया कि प्री जनमंच की गतिविधियों की जानकारी के लिए ग्राम पंचायत महराणा में ग्राम सदस्यों, महिला मंडल और अन्य लोगों को जनमंच कार्यक्रम के बारे जागरूक करने के लिए शिविर रखा गया था लेकिन किसी कारण उन्हें जिला मुख्यालय जाना पड़ा। उन्होंने बताया कि जब वह शाम 4:55 बजे महराणा पंचायत कार्यालय में निरीक्षण के लिए पहुंचे तो वहां पर पंचायत घर में ताला लगा हुआ था। उन्होंने जब इस बारे में पंचायत सचिव से बात की तो उन्होंने बताया कि वह कार्यालय से पहले ही चले गए हैं।
उन्होंने इस मामले में खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि वह पंचायत सचिव से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण लें। उन्होंने कहा कि यह नौकरी के प्रति लापरवाही को दर्शाता है तथा इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने समस्त अधिकारियों से कहा है कि वे अपनी ड्यूटी को कर्तव्य निष्ठा के साथ निभाएं ताकि लोगों को किसी भी प्रकार के अपने सरकारी कार्य को निपटाने के लिए समस्या का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर एसईबीपीओ रवि शर्मा भी उपस्थित रहे।