संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले में 6.29 लाख की धनराशि खर्च होगी। मिशन के तहत स्वच्छता से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विकास कर साफ-सफाई की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस आशय की जानकारी जिला उपायुक्त पंकज राय ने दी। उपायुक्त बुधवार को ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त पंकज राय ने बताया कि वर्ष 2022-23 के लिए मनरेगा के अंतर्गत जून माह तक 1,72,398 श्रम दिवस अर्जित किए गए। जिला में ग्रामीण विकास विभाग के कुल 48,024 कार्यों में से 42,219 कार्यों को पूर्ण कर दिया गया है।
उपायुक्त ने सभी खंड विकास अधिकारियों को वर्ष 2019-20 तथा 2020-21 के कार्यों के लंबित होने के कारणों की पंचायत सचिवों के साथ समीक्षा कर एक हफ्ते में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को मनरेगा के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न पुराने कार्यों को पहले पूर्ण करने तथा कार्यों के निष्पादन में श्रम एवं साम्रगी में 60:40 का अनुपात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले में कुल 6 करोड़ 29 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला में 253 सामुदायिक सुविधा केंद्रों के निर्माण पर 4 करोड़ 20 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। पंचवटी योजना के अंतर्गत जिला में 25 स्थानों पर भूमि चयनित की जा चुकी है तथा 14 पंचवटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने सभी विकास खंडों में 2 महीने के अंदर एक-एक पंचवटी को पूर्ण करने तथा पंजगाईं में इसी महीने पंचवटी के कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारियों को सोशल ऑडिट कार्य निष्पादन में वित्तीय दुरुपयोग के अंतर्गत वसूली न करने के कारण स्पष्ट करने को कहा।