विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता जानने के लिए करवाया पेपर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को जानने के लिए एससीईआरटी सोलन ने शुक्रवार को परख दक्षता जांच परीक्षा का आयोजन किया गया। जिले में परीक्षा में 305 निजी और सरकारी स्कूलों के करीब 5,878 विद्यार्थियों ने दी। परीक्षा के लिए 6732 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा में 854 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। घुमारवीं-1 खंड में 972, घुमारवीं-2 में 1,241, झंडूता में 1,277, सदर में 1,260, श्री नयना देवी जी में 545 और स्वारघाट में 590 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू हुई। परीक्षा में तीसरी, छठी और 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा 60 मिनट, छठी के विद्यार्थियों की 75 मिनट और 9वीं की 90 मिनट की हुई। उत्तर पुस्तिका की जांच डाइट जुखाला में की जाएगी। इस परीक्षा को कराने का मुख्य उद्देश्य तीसरी कक्षा के छात्रों का बुनियादी साक्षरता, अंकगणित, छठी के छात्रों का भाषा, गणित, पर्यावरण शिक्षा और नौवीं के छात्रों का भाषाएं, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में ज्ञान की जांच करना है। परीक्षा को 115 डीएलएड, 220 बीएड प्रशिक्षुओं, जिला समन्वयक संजय शामा, असिस्टेंट कुलदीप सिंह, डाइट जुखाला के प्राध्यापकों, सभी स्कूलों के मुखियाओं और अन्य की सहायता से आयोजित किया गया। उधर, जिला उप निदेशक उच्च शिक्षा जोगिंदर सिंह राव ने कहा कि जिले के 5,878 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।