अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। गुरुवार समय 10:40 मिनट क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर की गायनी ओपीडी के बाहर लटका ताला। यहां पर आई गर्भवती महिलाएं ओपीडी के बाहर गायनी विशेषज्ञ के इंतजार में थी, लेकिन चिकित्सक ओपीडी में उपलब्ध नहीं।
बाद में गर्भवती महिलाओं को पता चलता है कि गायनी विशेषज्ञ ट्रामा सेंटर में बैठे हुए हैं। समय 11 बजे का और बिलासपुर अस्पताल के ट्रामा सेंटर के बाहर गर्भवती महिलाओं की लंबी लाइनें लगना शुरू हो गई। इसके चलते यहां पर तैनात चिकित्सक की और भी परेशानी बढ़ गई और वहां पर ही गर्भवती महिलाओं की शारीरिक जांच शुरू हो गई। साथ ही आपातकाल समय में आ रहे मरीजों को भी देखा जा रहा था।
बिलासपुर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के चलते आए दिन यह परेशानी सामने आ रही है। यहां पर गायनी विशेषज्ञ एक ही होने के चलते चिकित्सकों पर कार्यभार पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि यहां पर एक ही चिकित्सक को ओपीडी और ट्रामा सेंटर देखना पड़ रहा है। वहीं, चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
‘अमर उजाला’ की टीम ने जब 12 बजे अस्पताल का दौरा किया तो सर्जन ओपीडी के बाहर भी मरीज खड़े हुए थे। मरीज यहां पर चिकित्सक के आने का इंतजार कर रहे थे लेकिन अंत में मरीजों को पता लगा कि चिकित्सक की ड्यूटी आज ऑपरेशन थियेटर में है। इसके चलते दूरदराज से आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गेहड़वीं से आई नीशा कुमारी ने बताया कि वह सुबह 10 बजे से ओपीडी के बाहर खड़ी हुई थी, लेकिन चिकित्सक यहां पर नहीं आए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि अगर चिकित्सक ओपीडी में उपलब्ध नहीं हो सकता है तो अस्पताल प्रशासन को ओपीडी के बाहर साइन बोर्ड लगा देना चाहिए और वहां पर चिकित्सक के आने का समय और अन्य सारी जानकारी लिख देनी चाहिए जिससे मरीज पढ़ कर सारी जानकारी प्राप्त कर सकें। इस तरह की कोई भी जानकारी न होने के चलते मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इनसेट-
वर्तमान में 16 चिकित्सक दे रहे सेवाएं
बिलासपुर अस्पताल में सर्जन 1, गायनी 1, शिशु रोग विशेषज्ञ 3, हड्डी रोग विशेषज्ञ 2, एमडी 2, ईएनटी 2, नेत्र रोग विशेषज्ञ 2, मनोचिकित्सक 1, एमबीबीएस 1, एमएचए 1 चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चिकित्सकों की कमी के चलते यह सारी परेशानी आ रही है। बिलासपुर अस्पताल में कुल 25 चिकित्सकों के पद हैं जिनमें से 16 पद अभी तक भरे हैं।
इनसेट...
उच्चाधिकारियों को डाक्टरों की कमी से कराया पद
चिकित्सकों की कमी के चलते यह परेशानी आ रही है। गायनी चिकित्सक एक ही होने से उन्हें ट्रामा और ओपीडी देखनी पड़ रही है। चिकित्सकों की कमी को लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
डॉ. राजेश आहलूवालिया, चिकित्सा अधीक्षक बिलासपुर
-----------------------------------