शुभम राही
बिलासपुर। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्रीनयना देवी जी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। वन विभाग बिलासपुर इस एरिया में जल्द ही ईको सर्किट तैयार करेगा जिसमें पर्यटकों को एक ही स्थान पर ट्रैकिंग, रेस्ट हाउस व अन्य सुविधा मुहैया करवाई जाएगी ताकि पर्यटकों को हर एक एड्वेंचर के लिए अन्य स्थानों पर न जाना पड़े।
वन विभाग के अधिकारी बताते हैं कि श्रीनयना देवी में विकसित होने वाले सर्किट के अधीन दो से तीन रेस्ट हाउस आएंगे। वहीं, इन सर्किट में रहने के लिए पर्यटकों को ईको टूरिज्म की वेबसाइट पर जाकर बुक करवाना होगा।
इस सर्किट हाउस में पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए स्थानीय गाइड की भी विभाग तैनाती करेगी ताकि अगर कोई पहाड़ों की सैर व अन्य कोई जानकारी प्राप्त करना चाहता हो तो वह गाइड पर्यटकों को पूरी जानकारी मुहैया करवाएगा। इस सर्किट में बिजली-पानी समेत हर सुविधा दी जाएगी।
विभागीय अधिकारी बताते हैं कि बिलासपुर जिला में श्रीनयना देवी जी साइट को इसलिए चिहिन्त किया गया है क्योंकि यहां पर जिला भर में सबसे अधिक पर्यटक आते हैं। इसके चलते पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए विभाग ने यह सर्किट बनाने का प्लान तैयार किया है। वहीं, इस संदर्भ में विभाग ने उच्चाधिकारियों को भी अवगत करवा दिया है, जल्द ही नयना देवी क्षेत्र की साइट चिहिन्त करके विभाग कार्य आरंभ कर देगा।
इनसेट...
बॉयोडाइजेस्टर तकनीक से बनेंगे शौचालय
बिना पर्यावरण से छेड़छाड़ किये ईको बॉयोडाइजेस्टर तकनीक से यहां शौचालय बनेंगे जिसके चलते इन स्थानों को साफ-सुथरा रखा जा सकता है। इससे पहले पहाड़ी क्षेत्रों में यह सुविधा शुरू न होने के चलते जंगलों में काफी गंदगी फैल जाती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
इनसेट...
साइट फाइनल होने पर आगामी कार्य होगा
श्री नयना देवी जी क्षेत्र में ईको सर्किट तैयार करने की कार्ययोजना शुरू की है। अभी विभाग ने साइट चिहिन्त नहीं की है। साइट फाइनल होने पर आगे कार्य किया जाएगा।
सरोज भाई पटेल, डीएफओ बिलासपुर।
--------------------------------------